लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डूंगरपुर/जयपुर – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में सुशासन और आमजन को राहत देने के लिए एक अनूठा उदाहरण पेश किया। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरण के परिवादी से संवाद कर तत्काल राहत प्रदान करवाई। इसके बाद जिला प्रशासन डूंगरपुर ने मात्र 2 घंटे में ही परिवेदना का निस्तारण कर सुशासन की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार, डूंगरपुर के बोडीगाम छोटा निवासी जितेंद्र सिंह ने अपने बच्चों के मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र के लिए 7 दिन पहले आवेदन किया था। इस संदर्भ में उन्होंने संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह को अवगत कराने पर, कलक्टर ने तत्परता दिखाते हुए केवल 2 घंटे में आवश्यक प्रमाण पत्र जारी कर दिए।
जिला कलक्टर ने बताया कि गुरुवार को परिवेदना प्राप्त होने के बाद शुक्रवार दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय की सूचना मिलते ही कार्यवाही की गई और तुरंत बच्चों के मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र जारी करवा दिए गए।
परिवादी जितेंद्र सिंह ने तत्काल राहत देने और प्रमाण पत्र जारी करने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
