लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान का पत्थर उद्योग लगातार प्रगति कर रहा है और राज्य सरकार इसे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार और विकास के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आगामी इंडिया स्टोनमार्ट-2026 (13वां संस्करण) प्रदेश की स्टोन इंडस्ट्री को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को कार्यालय में बैठक के दौरान अधिकारियों को स्टोनमार्ट की तैयारियों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विक्रेताओं को राजस्थान के पत्थर उद्योग की समृद्धि से अवगत कराना होगा और घरेलू एवं प्रवासी प्रतिभागिता बढ़ाई जाए।
शर्मा ने स्टेट और कंट्री पवेलियन की समय पर तैयारियों, जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल के माध्यम से वैश्विक पहचान और बायर-सेलर मीट के आयोजन पर विशेष जोर दिया। साथ ही, शिल्पग्राम आयोजन की जानकारी भी ली गई।
फरवरी के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने वाले स्टोनमार्ट-2026 में देश-विदेश के मार्बल, ग्रेनाइट, सैंड स्टोन, कोटा स्टोन, क्वार्ट्ज स्टोन, स्लेट सहित विभिन्न स्टोन्स का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा स्टोन मशीनरी, उपकरण और भारी अर्थमूविंग मशीनों का प्रदर्शन भी होगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, रीको व सीडीओएस के अधिकारी, और लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।