लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर/भीलवाड़ा । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा के हमीरगढ़ में ड्यूंस एविएशन एकेडमी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के तहत राजस्थान एविएशन सेक्टर में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। राज्य में पायलट प्रशिक्षण की विश्वस्तरीय सुविधाओं के निरंतर विस्तार से युवाओं के लिए आसमान में अनंत संभावनाओं के द्वार खुल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरों की भूमि राजस्थान के पायलट न केवल देश का गौरव बढ़ाएंगे, बल्कि राज्य सरकार की योजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षण के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने राइजिंग राजस्थान समिट के अंतर्गत ड्यूंस एविएशन एकेडमी को भूमि उपलब्ध कराई थी और जल्द ही फ्लाइंग प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
नागरिक उड्डयन नीति-2024 से राजस्थान बनेगा एविएशन हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान न केवल अपने युवाओं को पायलट तैयार करेगा, बल्कि दुनिया भर के युवाओं के लिए एविएशन की पाठशाला बनेगा। राज्य सरकार ने नागरिक उड्डयन नीति-2024 लागू की है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना और राजस्थान को देश का एविएशन हब बनाना है।
कोटा का ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट मध्य भारत का गेटवे बनेगा
शर्मा ने कहा कि राजस्थान में एविएशन सेक्टर निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। कोटा का ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट मध्य भारत के लिए महत्वपूर्ण गेटवे बनेगा। इसके साथ ही, उदयपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 145 एकड़ भूमि अधिसूचित की गई है और जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल के लिए 12,778 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है। किशनगढ़ में फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन भी शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और हवाई सुविधाओं के निरंतर विस्तार से राजस्थान के विकास को और गति मिलेगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक लादू लाल पितलिया, सुरेश धाकड़, अशोक कुमार कोठारी, गोपाल लाल, उदयलाल भडाणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ड्यूंस एविएशन एकेडमी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


















































