लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल से आयोजित ‘रन फॉर जयपुर’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दैनिक भास्कर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। हमारी छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। उन्होंने आमजन से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का आह्वान किया।
शर्मा ने कहा कि जीवन अमूल्य है और इसकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े राज्य सरकार के प्रयासों में सहयोग देने के लिए दैनिक भास्कर का धन्यवाद किया और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं की भागीदारी को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी सक्रिय सहभागिता से सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मैराथन में भाग ले रहे प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।