लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों को मिलेंगी सौगातें
जयपुर । अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर राजस्थान सरकार प्रदेशवासियों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) की बड़ी सौगातें देने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार, 22 जनवरी को सिरोही में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि हस्तांतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को पांचवीं किस्त का डीबीटी करेंगे। साथ ही ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAME) के अंतर्गत 9 फरवरी तक चलने वाले ग्राम उत्थान शिविरों का शुभारंभ भी करेंगे, जिनका उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, योजनाओं और नवाचारों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना, मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना, निर्माण श्रमिकों, तथा किसानों को कृषि आदान अनुदान सहायता की राशि भी सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास सहायता के चेक भी वितरित किए जाएंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य इस पावन अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों, श्रमिकों एवं आमजन को आर्थिक संबल प्रदान करना है।
