लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला/झालावाड़। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में चौमहला कस्बे में मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ताजियों का जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
नौजवान हुसैनी कमेटी के लाइसेंसधारी आबिद हुसैन ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी इमाम हुसैन की याद में ताजिए निकाले गए। रात्रि 9 बजे इमामबाड़े से मुकाम उठाकर कस्बे के विभिन्न मार्गों से जुलूस निकाला गया। इसके बाद ताजिया करबला पहुंचा, जहां अकीदतमंदों ने जियारत कर अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं मांगी। 
मोहर्रम के आयोजन में बड़ी संख्या में जियारती शामिल हुए और पूरे श्रद्धाभाव के साथ धार्मिक रस्में अदा की गईं। आयोजन के दौरान धार्मिक सौहार्द, अनुशासन और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।
वहीं, ऐतिहासिक कस्बा गंगधार में भी मोहर्रम के अवसर पर ताजियों के जुलूस निकाले गए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ा। दोनों कस्बों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।