लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी 4 जुलाई को प्रस्तावित राजस्थान यात्रा एवं पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट तथा भारत के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। ऐसे ऐतिहासिक आयोजन के सफल संचालन के लिए सभा स्थल पर पार्किंग, पेयजल, बैठक व्यवस्था और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं बेहतर स्तर पर सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा, वहां आमजन के लिए छाया, पेयजल और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था रहे। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ने वाली सभी ग्राम पंचायतों, नगरपालिकाओं और जिला मुख्यालयों पर तकनीकी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि बालोतरा से एचआरआरएल के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।