लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि में नवाचार, प्राकृतिक खेती और उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी जिलों में मशरूम की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा किसानों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उदयपुर संभाग के दौरे के दौरान आयोजित कृषि अधिकारियों की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने निर्देश दिए कि Farmers Fertilisers Framework (FFS) को संभाग के सभी जिलों में तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि उर्वरकों का पारदर्शी, वैज्ञानिक और प्रभावी वितरण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में कृषि शिक्षा को सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया गया। आयुक्त ने राजकीय कृषि महाविद्यालयों के व्याख्याताओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और नियमित शिक्षा मिल सके।
उन्होंने प्रताप विश्वविद्यालय को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए, ताकि कृषि शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास को नई गति मिल सके।
दौरे के दौरान कृषि आयुक्त ने मशरूम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और प्राकृतिक खेती से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, मूल्य संवर्धन और मशरूम उत्पादन से संबंधित अधिकाधिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए।
नरेश कुमार गोयल ने कहा कि कृषि विभाग का लक्ष्य नई तकनीक, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर सेवाओं के माध्यम से कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाना है। इसके लिए सभी अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।