लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत डोडियाना के युवा रामप्रसाद गुर्जर ने भारतीय वायुसेना में चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले मोहनलाल गुर्जर के पुत्र रामप्रसाद ने छह माह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। पहली बार गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया।
गांव में भारत माता के जयघोष के साथ स्वागत जुलूस निकाला गया। विभिन्न स्थानों पर रामप्रसाद का माल्यार्पण किया गया। इसके बाद उनके निवास पर आयोजित समारोह में साफा पहनाकर, पुष्पमालाएं अर्पित कर और मुंह मीठा करवाकर उनका अभिनंदन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी शंकरलाल प्रजापत ने कहा कि अभिभावकों को अपनी सुविधाओं से अधिक बच्चों की शिक्षा पर निवेश करना चाहिए। नंदकिशोर घटियाला ने कहा कि रामप्रसाद ने यह सिद्ध कर दिया है कि सफलता संसाधनों से नहीं, बल्कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से हासिल होती है।
वहीं, प्रोफेसर सांवरमल ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार बताते हुए युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रशासक रेखाराम माट, समाजसेवी नंदकिशोर घटियाला, युवा नेता रामनारायण घटियाला, पूर्व सरपंच गिरधारी सिंह राठौड़, गिरधारीलाल प्रजापति, शंकरलाल प्रजापत, दामोदर प्रसाद व्यास, ओमप्रकाश रिया, शंकरलाल गुर्जर, पूर्व सैनिक देवी सिंह, पूर्व सैनिक एवं समाजसेवी बीरमजी गुर्जर, नौरत गुर्जर, भवानी सिंह राठौड़, प्रभु गुर्जर, सुरताराम, श्रीकिशन गुर्जर, शंकर गुर्जर, नाथूराम मंडीवाल, गोपाल सिंह नरूका, मेवाराम गुर्जर, शिवराज पदमपुरा, सांवरलाल गुड्डा, जगमालोटा, गोविंदराम गुर्जर, लालाराम गुर्जर, गोपालराम गुर्जर, अर्जुनराम गुर्जर, बीरम गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने रामप्रसाद गुर्जर को भारतीय वायुसेना में चयन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।