लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर।
भारतीय जनता पार्टी जिला देहात द्वारा आगामी संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर भुणाबाई स्थित भाजपा जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने की।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता”—इसी मंत्र को आत्मसात कर प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य सरकार के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुँचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
मंत्री रावत ने कहा कि पुष्कर विधानसभा क्षेत्र निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। जल संसाधन मंत्री के रूप में वे क्षेत्र की जल समस्याओं के स्थायी समाधान और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में संगठन की मजबूती का व्यापक स्वरूप देखने को मिला। इसमें जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष व उनकी कार्यकारिणी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष तथा BLA-2 कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने मंत्री सुरेश सिंह रावत के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पुष्कर विधानसभा का संगठन जिले में एक आदर्श के रूप में उभर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला देहात का हर कार्यकर्ता संगठनात्मक उद्देश्यों को पूरी निष्ठा से धरातल पर उतारेगा।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने मंत्री सुरेश सिंह रावत का भव्य स्वागत किया और क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार प्रकट किया।