लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुमेरपुर। जवाई बांध–सुमेरपुर रेलवे स्टेशन के समग्र विकास को लेकर ZRUCC (Zonal Railway Users’ Consultative Committee) के नवनियुक्त सदस्य महेश जोशी का प्रथम आगमन सुमेरपुर के लिए बेहद उत्साहवर्धक रहा। इस अवसर पर सुमेरपुर रेल विकास सेवा संस्थान की ओर से स्टेशन परिसर में उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों में रेलवे विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।
संस्थान अध्यक्ष पोपट लाल जैन के सान्निध्य में आयोजित स्वागत समारोह में ढोल-थाली, पुष्पहार एवं पारंपरिक सम्मान के साथ महेश जोशी का अभिनंदन किया गया। कोहरे के कारण अरावली एक्सप्रेस लगभग एक घंटे विलंब से स्टेशन पहुँची, लेकिन इसके बावजूद स्टेशन पर मौजूद नागरिकों और रेल यात्रियों में उत्साह का माहौल बना रहा।
संस्थान सचिव भंवर देवड़ा ने बताया कि ZRUCC सदस्य बनने के बाद यह महेश जोशी का जवाई बांध स्टेशन पर पहला दौरा था। इस दौरान संस्था की ओर से स्टेशन की जमीनी समस्याओं और यात्रियों की आवश्यकताओं को विस्तार से उनके समक्ष रखा गया, जिस पर उन्होंने गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
संस्था द्वारा फुट ओवर ब्रिज (FOB), फालना साइड सीढ़ियों एवं लिफ्ट सुविधा, भूमिगत अंडरब्रिज तथा प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की माँग रखी गई। कोषाध्यक्ष राजेश जोशी ने बताया कि जवाई बांध स्टेशन की वार्षिक आय लगभग 14 करोड़ रुपये है, जो स्टेशन श्रेणी उन्नयन के लिए पर्याप्त है, इसके बावजूद यह अभी तक NSG-5 श्रेणी में ही है।
ZRUCC सदस्य महेश जोशी ने कहा कि जवाई बांध स्टेशन का आर्थिक और भौगोलिक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्टेशन की श्रेणी उन्नयन, यात्री सुविधाओं के विस्तार और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव के मुद्दों को ZRUCC के माध्यम से रेलवे के उच्च अधिकारियों तक मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल 17 ट्रेनों का ठहराव यात्रियों की जरूरतों को पूरा नहीं करता। गरीब रथ, अजमेर–मैसूर, दौलतपुर, टीपीजे हमसफ़र, जन्मभूमि एक्सप्रेस और अजमेर–पुरी जैसी ट्रेनों के ठहराव की माँग को गंभीरता से आगे बढ़ाया जाएगा।
अपने संबोधन में महेश जोशी ने सुमेरपुर रेल विकास सेवा संस्थान की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही बड़े विकास कार्य संभव हैं। उन्होंने स्टेशन के समुचित विकास के लिए निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने भव्य स्वागत के लिए संस्था और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सह सचिव गिरीश शर्मा, सह कोषाध्यक्ष रमेश जैन, सलाहकार मिठालाल रांका सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।