लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
जवाहर फाउंडेशन, जिला यूनेस्को एसोसिएशन और पूर्वांचल जन चेतना समिति के संयुक्त तत्वावधान में महान मेवाड़ केसरी कुश्ती प्रतियोगिता का दो दिवसीय आयोजन 13 और 14 नवंबर को पुर रोड स्थित श्रम कल्याण खेल मैदान में किया जाएगा। आयोजन की जिम्मेदारी दंगल कमेटी को सौंपी गई है।
सैकड़ों पहलवान लेंगे हिस्सा
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में मेवाड़ संभाग की सभी कुश्ती एकेडमियों के सैकड़ों पहलवान हिस्सा लेंगे। कुल 13 वर्गों में मुकाबले होंगे, जिनमें
मेवाड़ केसरी, मेवाड़ कुमार, मेवाड़ किशोर,
महिला वर्ग में महिला मेवाड़ केसरी, महिला मेवाड़ कुमारी, महिला वीरबाला,
तथा ग्रीको वेट चैम्पियनशिप के साथ
भीलवाड़ा बाल केसरी, भीलवाड़ा अभिमन्यु, भीलवाड़ा बसंत और भीलवाड़ा महिला किशोरी जैसी श्रेणियां शामिल हैं।
हर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त पहलवानों को नगद पुरस्कार दिए जाएंगे।
युवाओं को खेलों से जोड़ने का उद्देश्य
जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा ने बताया कि संस्था अब तक स्वाभिमान जल, स्वाभिमान भोज और स्वाभिमान शिक्षा जैसी योजनाओं पर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि, “भारत सरकार की खेल प्रोत्साहन नीति के तहत यह कुश्ती प्रतियोगिता युवाओं को कुश्ती के प्रति प्रेरित करने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।”
फाउंडेशन द्वारा बाहरी खिलाड़ियों के लिए आवास और भोजन की पूर्ण व्यवस्था भी की जाएगी।
रिजु झुनझुनवाला की विशेष सहभागिता
जवाहर फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं एलएनजे ग्रुप के चेयरमैन रिजु झुनझुनवाला की इस आयोजन में विशेष सहभागिता रहेगी। वे सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ क्रिकेट, हॉकी, शतरंज और फुटबॉल जैसे खेलों को बढ़ावा देने में भी सक्रिय रहे हैं।
दंगल कमेटी का गठन
आयोजन की सफलता के लिए 14 सदस्यीय दंगल कमेटी बनाई गई है, जिसमें
दिनेश साहनी, बल्लू सिंह, दिनेश यादव, हंसराज सिंह, डॉ. विनोद यादव, गौरव शाह, रोजी सिंह, डॉ. सुनीता यादव, मधुमाला यादव, लक्ष्मी चौधरी, श्रवण कुमार, राजन सिंह और निरंजन सिन्हा शामिल हैं।













































