लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हाई पॉवर समिति ने समदड़ी और पाली के लूणी नदी किनारे किया दौरा
भायल/पाली।
समदड़ी व पाली क्षेत्र में बह रही लूणी नदी में रासायनिक प्रदूषित पानी के कारण किसान, पशुपालन और पर्यावरण को हो रहे नुकसान के बीच हाई पॉवर समिति ने इलाके का निरीक्षण किया। इस समिति की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायाधीश संगीत लोढ़ा कर रहे हैं, जिन्हें सर्वोच्च न्यायालय ने इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने के लिए गठित किया है।
समिति ने आज समदड़ी, अजीत, रामपुरा, भानावास, गोदों का वाड़ा, पाली नेहड़ा बांध, मंडिया पुलिया सहित लूणी नदी और जौजरी नदी के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। समिति के सदस्यों ने किसानों से बातचीत कर नदी में रासायनिक पानी से उत्पन्न समस्या की वास्तविक स्थिति को जाना।
विधायक हमीर सिंह भायल ने बताया
विधायक हमीर सिंह भायल (सिवाना) ने कहा कि 2013 से वह इस समस्या को लेकर सतत प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने कई समितियां बनाकर निरीक्षण किया, लेकिन स्थायी समाधान अभी तक नहीं निकला। लूणी नदी किसान और मानव जीवन के लिए जीवनदायिनी है, लेकिन रासायनिक पानी इसे नुकसान पहुँचा रहा है। पाली के नेहड़ा बांध, जो बरसाती पानी के लिए बना था, रासायनिक पानी के कारण अवरुद्ध हो गया है।
भायल ने कहा कि जोधपुर की औद्योगिक इकाइयों का प्रदूषित पानी कल्याणपुर तक पहुँच चुका है। बालोतरा का पानी भी लूणी नदी के रास्ते गुड़ा मालानी तक फैल चुका है। इस रासायनिक पानी से खेती, पशु, पक्षी और अन्य जीवों पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।
आश्वासन और उम्मीद
निजी सहायक कोज सिंह राठौड़ ने बताया कि हाई पॉवर समिति, प्रदूषण बोर्ड के सदस्य, अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी जनता के हित को ध्यान में रखते हुए मरू गंगा (लूणी नदी) को जल्द ही प्रदूषण मुक्त करने का आश्वासन दे रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय किसान, पाली किसान मंडल के सदस्य, उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह खंगारोत, तहसीलदार समदड़ी, पाली जिला कलेक्टर, पुलिस के आला अधिकारी, और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।