लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त, तीन नामजद सहित कई लोगों पर एफआईआर दर्ज
डीग/भरतपुर। डीग रेंज के पसोपा वनखंड में अवैध खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर हमला करने और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना बोह में वन विभाग की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है।
वनपाल नाका सेऊ रेंज डीग के प्रभारी सुभाषचंद द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 26 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 9:25 बजे क्षेत्रीय वन अधिकारी डीग के निर्देश पर वन विभाग की टीम राजकीय वाहन से पसोपा वनखंड के खसरा नंबर 1799/628 एवं 1797/1796 में अवैध खनन के रास्ते अवरुद्ध कराने पहुंची थी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो रहा था अवैध खनन
मौके पर एक लाल रंग का ट्रैक्टर मैसी हरे रंग की ट्रॉली के साथ खंडा पत्थर भरता हुआ पाया गया। टीम के पहुंचने पर रास्ते में बड़े पत्थर डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया। इस दौरान ट्रैक्टर चालक ट्रॉली खाली कर फरार हो गया।
ग्रामीणों ने घेरा वाहन, की हाथापाई
जब वन विभाग की टीम ने दूसरे रास्ते से ट्रैक्टर का पीछा किया, तो गांव में कुछ पुरुषों और महिलाओं ने सरकारी वाहन को घेर लिया। आरोप है कि भोला गुर्जर, कन्हैया गुर्जर (दोनों पुत्र रामखिलाड़ी गुर्जर, निवासी पसोपा) एवं उनके परिवार की महिला अन्नू सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौच करते हुए स्टाफ के साथ हाथापाई की और राजकीय वाहन के दोनों ओर के शीशे तोड़ दिए। घटना की वीडियोग्राफी भी की गई है।
वन संपदा को भारी नुकसान
रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों द्वारा लगभग 150 मीटर पहाड़ी क्षेत्र में खनन कर वन संपदा को नुकसान पहुंचाया गया। यह क्षेत्र व्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग में आता है और वन विभाग के अधीन है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 189(2), 121(1), 132, 303(2), 324(4), वन अधिनियम की धारा 41, 42 एवं पीडीपीपी एक्ट की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई नाहरसिंह को सौंपी है।
वन विभाग ने अवैध खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर विभाग को सुपुर्द करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।