लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
35 किमी संकरी सड़क पर रोजाना हो रही दुर्घटनाएं, आमजन परेशान
शाहपुरा ।
शाहपुरा–बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र में लांबिया स्टेशन से मेघरास व उपरेड़ा होते हुए शाहपुरा तक लगभग 35 किलोमीटर लंबा मार्ग अत्यंत संकरा होने के कारण क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की कम चौड़ाई के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
15 वर्षों से उठ रही है स्टेट हाईवे की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता मुबारक मंसूरी (उपरेड़ा) ने बताया कि लांबिया स्टेशन से शाहपुरा तक इस मार्ग को स्टेट हाईवे घोषित कर चौड़ीकरण कराने की मांग पिछले करीब 15 वर्षों से लगातार की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों, ग्राम पंचायतों के सरपंचों और जनप्रतिनिधियों द्वारा विधायक शाहपुरा-बनेड़ा, सांसद भीलवाड़ा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी भीलवाड़ा, मुख्य अभियंता जयपुर, जिला कलेक्टर, सार्वजनिक निर्माण मंत्री, वित्त मंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक हजारों पत्र भेजे जा चुके हैं।
पोर्टलों पर भी दर्ज कराई गईं सैकड़ों शिकायतें
उन्होंने बताया कि इस मार्ग को लेकर 181 हेल्पलाइन, जिला कलेक्टर की मासिक जनसुनवाई, जनसंपर्क पोर्टल, सीएम पोर्टल और प्रधानमंत्री सड़क एप पर भी सैकड़ों शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अब तक सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
दर्जनों गांवों का मुख्य संपर्क मार्ग
यह सड़क दर्जनों गांवों एवं कई ग्राम पंचायतों को जोड़ती है और शाहपुरा विधानसभा मुख्यालय को लांबिया स्टेशन एवं रायला से जोड़ने का एकमात्र सीधा मार्ग है। प्रतिदिन हजारों मजदूर रायला और आसपास की औद्योगिक इकाइयों में कार्य करने के लिए इसी मार्ग से नेशनल हाईवे तक आवागमन करते हैं।
इसके अलावा शाहपुरा में डीटीओ कार्यालय, जलदाय विभाग का अधिशासी अभियंता कार्यालय और कृषि मंडी भी स्थित है, जिससे इस मार्ग का महत्व और बढ़ जाता है।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
दो वर्ष पूर्व इस मार्ग को 417 नंबर एमडीआर घोषित किया गया था। यदि इसका चौड़ीकरण कर स्टेट हाईवे बनाया जाता है, तो शाहपुरा सीधे करेड़ा, देवगढ़ और राजसमंद से जुड़ जाएगा। इससे देवगढ़ के मार्बल व्यवसाय, नेशनल हाईवे-48, लांबिया एवं रायला क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
आपात सेवाओं के लिए भी जोखिम भरा मार्ग
संकरी सड़क के कारण आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार 108 एंबुलेंस समय पर मरीजों को नहीं पहुंचा पाती, वहीं रात्रि के समय इस मार्ग पर यात्रा करना जोखिम भरा साबित होता है।
बजट 2026-27 में स्वीकृति की मांग
क्षेत्रवासियों ने राज्य सरकार से मांग की है कि आगामी बजट सत्र 2026-27 में लांबिया स्टेशन–शाहपुरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं स्टेट हाईवे निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास हो सके और आमजन को दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
