लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस दौरान महिला पुलिस एवं कालिक पेट्रोलिंग यूनिट की कार्मिकों ने भी योगाभ्यास में सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से सकारात्मक तथा आत्मिक रूप से ऊर्जावान बनता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। योग स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत, शैक्षणिक संस्थानों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित योग कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, ताकि स्वस्थ, संतुलित और निरोगी समाज का निर्माण किया जा सके।