लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। शहर और उपखंड क्षेत्र में लगातार पड़ रहे कोहरे के कारण वातावरण में कड़ाके की सर्दी का प्रभाव बढ़ गया है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में रोजाना रात लगभग 9 बजे से कोहरा छाने लगता है, जो गहराने के साथ और अधिक बढ़ जाता है। स्थिति ऐसी हो जाती है कि स्ट्रीट लाइट की रोशनी भी धुंधली दिखाई देती है। कोहरा दिन में करीब 12 बजे तक बना रहता है, और सूर्य देव के दर्शन दोपहर 3 बजे के बाद ही संभव हो पाते हैं। इस वजह से वातावरण में गर्माहट नहीं बन पाने के कारण लोग जगह-जगह अलाव जलाकर तापने को मजबूर हैं।
दिन में कोहरे और कम दृश्यता के कारण दोपहिया और चौपहिया वाहन चालक भी हेडलाइट जलाकर चलने को विवश हैं। शनिवार रात को शुरू हुआ कोहरा रविवार को दिनभर छाया रहा, जिससे लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित रही।
किसानों का कहना है कि कोहरे के कारण खेतों में खड़ी रबी फसल को काफी लाभ होगा और फसलों में नमी बनी रहेगी, जिससे उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है।