लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। पादूकलां और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चौथे दिन भी घना कोहरा और कड़ाके की सर्दी लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ाता रहा। कोहरे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि खेतों में खड़ी फसल तक नजर नहीं आई, और चारों ओर सफेद चादर छा गई। सुबह के समय दृश्यता लगभग शून्य रही, जिससे वाहन चालकों की हेडलाइटें भी प्रभावहीन साबित हुईं।
सड़क पर दोपहिया और चारपहिया वाहन बेहद धीमी गति से चल रहे थे, जिससे यातायात प्रभावित रहा। शीतलहर के चलते आमजन ठिठुरता रहा और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अलाव और चाय की थड़ियों के पास जमकर सर्दी से बचाव करते दिखे। बाजारों और गलियों में दिन चढ़ने तक सन्नाटा पसरा रहा। 
करीब 11 बजे सूर्य देव के दर्शन होने पर लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन दिनभर ठंड का असर बना रहा।
किसानों को उम्मीद, सर्दी फसलों के लिए लाभकारी
किसानों का कहना है कि भले ही कोहरे से जनजीवन प्रभावित हुआ हो, लेकिन यह मौसम रबी फसलों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। सरसों, चना और गेहूं की फसलों को पर्याप्त नमी मिलने से उत्पादन बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।