लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को एंटरटेनमेंट पैराडाइज में सप्तऋषि मंडल द्वारा आयोजित पौषबड़ा महोत्सव में शामिल होकर भगवान परशुराम की आरती की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ते हैं और सामाजिक एकता व बंधुत्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से सपरिवार ऐसे आयोजनों में शामिल होने की अपील की।
विकास और संकल्प पत्र पर प्रगति
इस अवसर पर भजनलाल शर्मा ने बताया कि उनकी सरकार ने पिछले दो वर्षों में विकास के कई काम पूरे किए हैं और संकल्प पत्र में किए वादों को निभाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली और उद्योग के क्षेत्र में मजबूत निर्णय लिए गए हैं और सरकार किसान, मजदूर, महिला और गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार की तुलना में अपनी सरकार के काम बताते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 92 हजार से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं और 10 जनवरी को दस हजार कॉन्स्टेबलों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
महोत्सव में उपस्थित गणमान्य
पौषबड़ा महोत्सव में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर के महंत कैलाश शर्मा सहित विप्र समाज के विशिष्टजन और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि वे अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करें और योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास करें।