Home latest एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना का जीवंत उदाहरण- मिश्रा

एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना का जीवंत उदाहरण- मिश्रा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राजस्थान के पत्रकारों ने की PIB भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अनिल मिश्रा से मुलाकात

धर्मेश भारती ने ओडिशा की संस्कृति और विरासत की सराहना की

भुवनेश्वर। राजस्थान, केरल, पंजाब और हरियाणा से ओडिशा के दौरे पर पहुंचे पत्रकारों के दल ने मंगलवार को पत्र सूचना कार्यालय (PIB) भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अनिल मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान अपर महानिदेशक अनिल मिश्रा ने सभी पत्रकारों का स्वागत किया और ओडिशा में केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी।

मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर PIB जयपुर के डिप्टी डायरेक्टर धर्मेश भारती ने अपर महानिदेशक अनिल मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट किया। वहीं PIB भुवनेश्वर की ओर से राजस्थान, केरल, पंजाब और हरियाणा से आए पत्रकारों को जगन्नाथ पुरी महाराज का पटका भेंट कर सम्मानित किया गया।

एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का बेहतरीन उदाहरण

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PIB जयपुर के डिप्टी डायरेक्टर धर्मेश भारती ने कहा कि राजस्थान, केरल, पंजाब और हरियाणा से आए पत्रकारों का ओडिशा में एक साथ मिलना ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों से आए लोग एक परिवार की तरह एक साथ बैठकर अनुभव साझा कर रहे हैं। यही देश की विविधता में एकता की खूबसूरत तस्वीर है।

भारती ने ओडिशा की ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि कोणार्क और अन्य ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के दौरान उन्हें ओडिशा की प्राचीन स्थापत्य कला को करीब से देखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी किले और पत्थरों पर शानदार नक्काशी की समृद्ध परंपरा रही है, लेकिन ओडिशा की प्राचीन वास्तुकला और शिल्पकला अपने आप में अद्भुत है।

उन्होंने कहा कि जिस दौर में आज जैसी आधुनिक तकनीक और संसाधन उपलब्ध नहीं थे, उस समय इतने विशाल और बारीक शिल्प का निर्माण किस तरह किया गया होगा, यह अपने आप में आश्चर्य का विषय है। उनके अनुसार, इस ऐतिहासिक विरासत की खूबसूरती को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना भी कई बार मुश्किल हो जाता है।

PIB भुवनेश्वर की टीम का जताया आभार

धर्मेश भारती ने ओडिशा प्रवास के दौरान पत्रकार दल की व्यवस्थाओं और सहयोग के लिए PIB भुवनेश्वर की पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने टीम के सदस्यों का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि जिस आत्मीयता और सहयोग के साथ पत्रकारों का स्वागत किया गया, वह सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि ओडिशा प्रवास के दौरान मिला अनुभव लंबे समय तक सभी की स्मृतियों में बना रहेगा। उन्होंने केरल, पंजाब और हरियाणा से आए पत्रकार साथियों का भी स्वागत किया और राजस्थान आने का निमंत्रण देते हुए कहा—‘पधारो म्हारे देस।’

ओडिशा की टीम को राजस्थान आने का निमंत्रण

धर्मेश भारती ने PIB भुवनेश्वर के अधिकारियों और टीम को राजस्थान आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि यदि ओडिशा की टीम राजस्थान का दौरा करती है तो जयपुर की ओर से उनके स्वागत और आयोजन की पूरी व्यवस्था करने के लिए वे तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल एक राज्य की यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों की संस्कृति, विकास, परंपराओं और कार्यप्रणाली को समझने का अवसर भी मिलता है। इससे पत्रकारों के बीच संवाद और आपसी संबंध मजबूत होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में भारती ने आयोजन के दौरान यदि किसी स्तर पर कोई कमी या गलती रह गई हो तो उसके लिए क्षमा मांगते हुए कहा कि बड़े आयोजनों में कुछ कमियां रह जाना स्वाभाविक है, लेकिन उन कमियों को पीछे छोड़कर मिले सकारात्मक और यादगार अनुभव को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने एक बार फिर PIB भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अनिल मिश्रा सहित पूरी टीम का धन्यवाद किया। कार्यक्रम आपसी सौहार्द, संवाद और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने वाला रहा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version