Home latest कांग्रेस क्षेत्र और विधायक देखकर जारी करती थी बजट, भाजपा ने सभी...

कांग्रेस क्षेत्र और विधायक देखकर जारी करती थी बजट, भाजपा ने सभी 200 विधानसभा में करवाए विकास कार्यः- सीएम भजनलाल शर्मा

0

 

 

भाजपा देश के अन्य राजनीतिक दलों से पूर्ण रूप से भिन्न, यहां पारदर्शी रूप से आतंरिक लोकतंत्र की कार्य पद्धती पर किया जाता है कार्यः- मदन राठौड़

भाजपा प्रदेश कार्यालय पर संगठन पर्व सक्रिय सदस्यता एवं संगठनात्मक चुनाव प्रदेश कार्यशाला आयोजित

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

जयपुर,।(,आर एन सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज सोमवार को संगठन पर्व सक्रिय सदस्यता एवं संगठनात्मक चुनाव प्रदेश कार्यशाला प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड की अध्यक्षता में और मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश चुनाव प्रभारी नारायण पंचारिया, सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ अरूण चतुर्वेदी और सक्रिय सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक ओंकार सिंह लखावत के मुख्य अतिथ्य में 2 सत्रों में आयोजित की गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्षों के साथ जिला प्रभारी और भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यों को गति देते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया। सीएम शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही राष्ट्र प्रथम की नीति पर कार्य करने वाली राजनीतिक पार्टी है। भाजपा में जहां देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए कार्य किया जाता है, वहीं आतंरिक लोकतंत्र में विश्वास रखते हुए संगठन के कार्यों को भी लोकतांत्रिक रूप से पूरा किया जाता है। भाजपा में बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सक्रिय सदस्यों को ही पदाधिकारी बनाया जाता है। ऐसे में हम सभी को प्राथमिक सदस्य के साथ सक्रिय सदस्यता भी ग्रहण करनी चाहिए। संगठन पर्व चुनाव में बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष के बाद प्रदेशाध्यक्ष और फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सक्रिय सदस्य अपनी भूमिका निभाते है। इस लिए हर कार्यकर्ता को निष्पक्षता से आगे बढ़ाने के साथ सक्रिय सदस्य भी बनाने है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेसियों की दोगली नीति का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ओर भाजपा सरकार है, जिसने बजट में सभी 200 विधानसभाओं के लिए काम किया, वहीं दूसरी ओर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार थी, जो क्षेत्र, विधायक देखकर विकास कार्य करवाती थी। भाजपा ने जो बजट पेश किया, उसकी क्रियान्विती के लिए कार्य भी किए। भाजपा सरकार ने 10 माह में भाजपा संकल्प पत्र के 50 फीसदी से अधिक वादों को पूरा कर दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पंच निष्ठाओं को मानते हुए कार्यकर्ता पार्टी की रीति और नीति पर विश्वास करता है। इन ही कार्यकर्ताओं की बदौलत आज भाजपा सुदृढ़ संगठन बन पाया है। भाजपा देश के अन्य राजनीतिक दलों से पूर्ण रूप से भिन्न है क्योंकि यहां पारदर्शी रूप से आतंरिक लोकतंत्र की कार्य पद्धती पर कार्य किया जाता है। भाजपा के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को उपचुनावों के साथ संगठन चुनावों की भी जिम्मेदारी निभानी होगी। राठौड़ ने कहा कि उपचुनावों में भाजपा की सभी सातों सीटों पर जीत से जहां सरकार को ओर अधिक मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर कार्यकर्ताओं के उत्साह में भी अभूतपूर्व वृद्धि देखने को मिलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश कार्यशाला के माध्यम से 29 अक्टूबर को प्रदेशभर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन करने का आह्वान किया। राठौड़ ने कहा कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती के उपलक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अक्टूबर देश की एकता के लिए रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन करने का आह्वान किया है। ऐसे में राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर भी मंगलवार को रन फॉर यूनिटी का आयोजन भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की सहभागिता से किया जाएगा।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के सदस्यता अभियान ने तेजी से लक्ष्य को पूरा किया है। 2014 में जहां 6 माह में 10 करोड़ सदस्य बनाए गए थे, वहीं 2024 में महज 45 दिनों में भाजपा ने 10 करोड़ के लक्ष्य को प्राप्त करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। भाजपा के कार्यकर्ता जब पूर्णरूप से सक्रिय हो जाते है तब लक्ष्य तक पहुंचना बहुत आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से कोई भी वंचित ना रहे, इसके लिए पार्टी की ओर से अभियान को 15 नवंबर तक बढाया गया है। भाजपा में हमारा बूथ सबसे मजबूत बनाने का जो ध्येय वाक्य दिया गया है वो भाजपा के मजबूत कार्यकर्ताओं के बदौलत ही दिया गया है।

कार्यशाला में प्राथमिक सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ अरूण चतुर्वेदी ने बताया कि देशभर में 10 करोड़ सदस्यों में से 61 फीसदी सदस्य 35 साल से कम उम्र के है। ऐसे में यह स्पष्ट हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रीति और नीति में देश का युवा विश्वास जता रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से देश की आंतरिक और ब्राह्य सुरक्षा को मजबूत करने का काम किया है, उसी प्रकार वैश्विक पटल पर भी राष्ट्र का मान बढ़ाया है। देश का युवा, महिला, किसान और गरीब हर वर्ग मोदी की योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है। ऐसे में भाजपा के सदस्यता अभियान से जुड़ने के लिए लोगों में उत्साह भी देखा गया है।

भाजपा उपाध्यक्ष एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी नारायण पंचारिया ने संगठन पर्व की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के बाद प्रदेश चुनाव अधिकारी और सह चुनाव अधिकारी की नियुक्ति की गई। अब जिला चुनाव अधिकारी और दो सह चुनाव अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। 5 नवंबर से पहले जिला संगठन पर्व कार्यशालाएं आयोजित की जाएगी। इसके बाद बूथ समिति के गठन के लिए मंडल संगठन पर्व सहयोगी की नियुक्ति होगी। मंडल संगठन पर्व कार्यशालाएं 15 नवंबर से पूर्व आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में सक्रिय सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक ओंकार सिंह लखावत ने सभी जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारी से अधिक से अधिक संख्या में सक्रिय सदस्य बनाने की अपील की।

कार्यशाला में सदस्यता अभियान में प्रदेश की टॉप 5 विधानसभा के संयोजक एवं सह संयोजकों को सम्मानित किया गया। इसमें कोटा की सांगोद, जयपुर की सांगानेर, विद्याधर नगर, आदर्श नगर, और उदयपुर शहर के संयोजकों को प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड एवं पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन सह चुनाव अधिकारी दामोदर अग्रवाल ने किया और धन्यवाद ज्ञापित सहचुनाव अधिकारी हरिराम रणवां ने किया। मंच पर सह चुनाव अधिकारी सुशील कटारा भी उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, महामंत्री, मोर्चाे के अध्यक्ष, विभागों के संयोजक उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version