लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले — राजनीतिक जमीन खिसकने के डर से कांग्रेस फैला रही है झूठ और भ्रम
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के “वोट_चोर” जैसे नारों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
राठौड़ ने कहा कि जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को भारी बहुमत से सत्ता सौंपी है, लेकिन कांग्रेस अब लगातार चुनावी हार से बौखलाकर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर ही सवाल उठा रही है।
कांग्रेस का तथाकथित अभियान, भ्रम फैलाने की कोशिश
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस का यह तथाकथित ‘वोट चोरी अभियान’ दरअसल अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने के डर से चलाया जा रहा ‘झूठ और भ्रम फैलाओ अभियान’ है।
उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार और वंशवादी राजनीति को नकार दिया है, अब कांग्रेस को जनादेश पर भरोसा नहीं रहा और वह सड़कों पर भ्रम फैलाने में जुटी है।

युवाओं को गुमराह करने की कोशिश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस युवाओं को भ्रमित कर देश में अराजकता की स्थिति पैदा करना चाहती है, ताकि अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाया जा सके।
उन्होंने कहा कि देश का जागरूक युवा अब कांग्रेस के बहकावे में आने वाला नहीं है।
राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि वे अपनी पराजय का आत्ममंथन करें, जनादेश का अपमान न करें।
जनता का विश्वास भाजपा के साथ अटूट
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश और देश विकास, सुशासन और पारदर्शिता के मार्ग पर अग्रसर हैं।
उन्होंने कहा कि जनता ने ईमानदारी और विकास की राजनीति को चुना है, न कि भ्रष्टाचार और परिवारवाद को।
हाल ही में एक सर्वे रिपोर्ट में प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दो साल के कार्यकाल में पानी, बिजली, रोजगार, उद्योग, निवेश और कृषि जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्यों की सराहना की है, जो भाजपा के प्रति जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है।