लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
गलवा पंचायत के काबरी गांव में मुख्य सड़क पिछले छह महीनों से गंदे पानी और कीचड़ में तब्दील है। नालियों के मिट्टी से पट जाने के कारण करीब 500 मीटर लंबा मार्ग लगातार बदहाल बना हुआ है। रोजाना सैकड़ों वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन फिसलन और गंदगी के चलते दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है।
ग्रामीण गजेंद्र जाट और उदयलाल जाट ने बताया कि पहले से ही खराब सड़क पर नालियों का बहता पानी हालात को और बिगाड़ रहा है। कई लोग कीचड़ में फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी और पंचायत को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गंदे पानी के जमाव से आसपास के घरों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया, जिससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने सड़क का सीसी निर्माण कर तुरंत पानी की निकासी करवाने की मांग की है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि विभाग और पंचायत कब इस समस्या को गंभीरता से लेकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाते हैं।