लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर – मनीष पारीक, नावा सिटी।
बिजली बिल बकाया रखने वालों पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को नावा उपखंड क्षेत्र में विद्युत विभाग ने विशेष रिकवरी अभियान चलाया। अभियान के दौरान लंबे समय से बकाया बिल न जमा करने वाले उपभोक्ताओं के 22 बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जबकि विभाग ने कुल ₹25.50 लाख का राजस्व वसूला।
मुख्य अभियंता अजमेर मुकेश कुमार बाल्डी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व नावा सहायक अभियंता सचिन कुमार तम्बोली और कनिष्ठ अभियंता रमेश कुमार ने किया। विशेष टीम में तकनीकी कर्मचारी ताराचंद बंजारा, जीतराम मीणा तथा सहायक राजस्व अधिकारी पंकज सोनी शामिल थे।
अभियान के दौरान टीम ने नावा शहर और आसपास के क्षेत्रों में घर–घर जाकर कनेक्शनों की जांच की। कई उपभोक्ताओं को पहले नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन भुगतान न करने पर यह सख्त कदम उठाया गया।
सहायक अभियंता सचिन कुमार ने कहा कि समय पर बिजली बिल जमा करवाना हर उपभोक्ता का दायित्व है। उन्होंने बताया कि बकाया राशि बिजली आपूर्ति के सुचारु संचालन और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि जिनके बिल अभी भी शेष हैं, वे शीघ्र भुगतान करें, ताकि आगे की कड़ी कार्रवाई से बचा जा सके।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे रिकवरी अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और बकाया बिल को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।