लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पाली/जयपुर।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को पाली जिले के चामुंडेरी राणावतान में आयोजित कार्यक्रम में बाली विधानसभा क्षेत्र में 110 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रदेश की 8 करोड़ जनता के समग्र विकास के लिए संकल्पित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ सभी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुँचा रही है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि विकसित राजस्थान तथा विकसित भारत के निर्माण में सभी लोग अपना योगदान दें।

विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रमुख रूप से निम्न परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया—
-
जिला चिकित्सालय, बाली के नए भवन का निर्माण (लागत: 63.60 करोड़ रुपये)
-
निष्क्रमणीय पशुपालक बालक आवासीय विद्यालय, बाली का भवन निर्माण (लागत: 18.95 करोड़ रुपये)
-
नाडोल–सादड़ी मार्ग (20.50 किमी) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण (लागत: 28 करोड़ रुपये)
-
सोनी सीता देवी उम्मेदमल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, चामुण्डेरी के नए भवन का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने विद्यालय पहुँचकर कक्षाओं का अवलोकन भी किया और कहा कि इससे बालिकाओं को घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।
हर वर्ग के विकास पर सरकार का फोकस
सीएम शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्यरत है। जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राम जल सेतु लिंक, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, गंगनहर, माही बांध और देवास परियोजना को गति दी गई है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान देश में सौर ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी है और सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जाए, जिसके लिए 22 जिलों में कार्य प्रारंभ हो चुका है।
रोजगार और युवाओं के मुद्दे पर सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के समय 19 में से 17 भर्ती परीक्षाएं पेपर लीक होने से युवाओं का नुकसान हुआ, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि सरकार 5 साल में 4 लाख सरकारी नौकरियां और 6 लाख निजी रोजगार उपलब्ध कराएगी। अब तक 92 हजार नियुक्तियाँ दी गई हैं।
दो वर्षों में पूर्ववर्ती सरकार से अधिक काम
शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार ने 21 महीनों में पूर्ववर्ती सरकार के पाँच वर्षों के मुकाबले कई क्षेत्रों में अधिक कार्य किए। इनमें—
-
फार्म पॉण्ड निर्माण में सवा गुना बढ़ोतरी
-
खेतों की तारबंदी में ढाई गुना वृद्धि
-
पशु चिकित्सालयों के क्रमोन्नयन में चार गुना बढ़ोतरी
-
नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं हेतु भूमि आवंटन
-
छात्राओं को स्कूटी वितरण
-
राजकीय महाविद्यालयों के भवन निर्माण
आदि शामिल हैं।
निवेश और कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय निर्णय
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए, जिनमें से 7 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है।
सरकार किसानों और पशुपालकों को दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर बोनस, आंगनवाड़ी बच्चों को पोषण हेतु दूध, किसान सम्मान निधि में बढ़ोतरी, गोपालक क्रेडिट कार्ड, गरीब महिलाओं के लिए 450 रुपये में गैस सिलेंडर, और किसानों को अल्पकालीन ऋण जैसी योजनाओं का लाभ दे रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित
कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद मदन राठौड़, विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत, जिला प्रमुख रश्मि सिंह, और अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।