लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दो अलग-अलग कार्रवाई में 250.13 ग्राम स्मैक और 86.15 ग्राम चरस बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
झालावाड़ |
झालावाड़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य की स्मैक और चरस जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक हर्षराज सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
देवरीघाटा में 250 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद
पहली कार्रवाई 7 जुलाई को राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित देवरीघाटा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान की गई। पुलिस ने 250 ग्राम 13 मिलीग्राम स्मैक बरामद कर नरेश गुर्जर (25) निवासी ईसरदा (सवाई माधोपुर) और मोर सिंह गुर्जर (25) निवासी ककोड़ (टोंक) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।
ईदगाह रोड से चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई तांबे की खान, ईदगाह रोड क्षेत्र में की गई। यहां पुलिस ने शाहरुख को 86 ग्राम 15 मिलीग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, आपूर्ति श्रृंखला और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाए गए और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम का भी विशेष सहयोग रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














































