लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुप्रसिद्ध गायिका आर्या अंबेकर की प्रस्तुति से श्रोता हुए भावविभोर
जयपुर। ग्रामीण भारत में शिक्षा के प्रसार हेतु कार्यरत संस्था एम फॉर सेवा एवं आर्ष विद्या तीर्थ के संयुक्त तत्वावधान में शास्त्रीय संगीत भजन संध्या “श्री कृष्णम वंदे” का भव्य आयोजन शनिवार को आर.एल. स्वर्णकार ऑडिटोरियम, महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेस एंड टेक्नोलॉजी, जयपुर में किया गया।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका आर्या अंबेकर ने अपने सहयोगी संगीतकारों के साथ श्रीकृष्ण को समर्पित भजनों एवं शास्त्रीय रचनाओं की मनोहारी प्रस्तुति दी। उनकी संगीतमय साधना से पूरा सभागार भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के एमिरेट्स चेयरपर्सन एवं संस्थापक डॉ. एम.एल. स्वर्णकार तथा मीना स्वर्णकार द्वारा श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वामी ब्रह्मपरानंद, स्वर्णकार परिवार के सदस्य एवं अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
डॉ. स्वर्णकार ने जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक दायित्व के तहत विश्वविद्यालय परिसर में आर्ष विद्या तीर्थ का शिलान्यास वर्ष 2007 में स्वामी ब्रह्मपरमानंद सरस्वती द्वारा किया गया था। छात्रावास की शुरुआत वर्ष 2008 में 30 विद्यार्थियों के साथ हुई, जो वर्तमान में 60 से अधिक छात्रों को पूर्णकालिक आवासीय व्यवस्था के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है।
स्वामी ब्रह्मपरमानंद सरस्वती ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी एवं शिक्षा से वंचित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि एम फॉर सेवा की स्थापना वर्ष 2000 में स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा की गई थी और संस्था पिछले 25 वर्षों से देशभर में हजारों ग्रामीण व जनजातीय बच्चों को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बना रही है।
यह संगीतमय भजन संध्या संगीत, भक्ति और सेवा का एक प्रेरणादायी संगम बनकर उपस्थित जनसमुदाय के लिए अविस्मरणीय अनुभव रही।