लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एएसआई कमलेन्द्र सिंह झाला को मिला डीजीपी उत्कर्ष अवार्ड
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के थाना केलवा में वर्ष 2024 के दौरान अवैध हथियार परिवहन और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर एएसआई कमलेन्द्र सिंह झाला को पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा द्वारा उत्कर्ष अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना केलवा क्षेत्र में अवैध हथियार पिस्टल परिवहन से संबंधित कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए थे। इन सभी मामलों का अनुसंधान एएसआई कमलेन्द्र सिंह झाला द्वारा किया गया। अनुसंधान के दौरान हथियार परिवहन में संलिप्त आरोपियों के साथ-साथ हथियार उपलब्ध कराने वाले सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा 8 वांछित स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।
मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध भी एएसआई झाला ने थाना अधिकारी के साथ मिलकर सराहनीय भूमिका निभाई। इस दौरान 6 प्रकरणों में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा एवं अफीम की जब्ती की गई, जिससे तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगा।
वर्तमान में एएसआई कमलेन्द्र सिंह झाला कुंवारिया थाना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जहां उनकी कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की जा रही है। उत्कर्ष अवार्ड मिलने पर कस्बेवासियों और शहरवासियों ने उन्हें बधाइयाँ देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
