लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अशोक गहलोत ने जैसलमेर बस अग्निकांड को लेकर प्रदेश की मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस बड़े हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्रकारों से बात करनी चाहिए थी। गहलोत ने तंज कसते हुए कहा,
“क्या मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा ले रहे हैं? प्रधानमंत्री की पत्रकारों से बात न करने की मजबूरी हो सकती है, लेकिन मुख्यमंत्री को तो प्रदेश की घटनाओं पर प्रेस से संवाद करना चाहिए।”
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत जोधपुर पहुंचे और महात्मा गांधी अस्पताल, जोधपुर के बर्न यूनिट में भर्ती झुलसे हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों को सांत्वना दी और कहा कि सरकार को हर संभव मदद सुनिश्चित करनी चाहिए।
गहलोत ने पत्रकारों से बातचीत में जली हुई बस को फिटनेस सर्टिफिकेट देने की प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल उठाए और कहा कि इस मामले की पूरी जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पीड़ितों और मृतकों के परिजनों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा,
“परिजनों को स्पष्ट बताया जाना चाहिए कि डीएनए सैंपल रिपोर्ट कब तक आएगी, ताकि वे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर सकें।”
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि एक के बाद एक हादसे होना चिंताजनक है। उन्होंने कहा,
“जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल हादसे के बाद हम चिकित्सा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, अब हम परिवहन मंत्री ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।”