लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) हरिमा गांव में पिछले 35 दिनों से चल रहा किसानों का धरना बुधवार को बड़े आंदोलन में बदल गया। किसानों ने हरिमा से नागौर के मानासर स्थित पशु प्रदर्शनी मैदान तक विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
⚠️ 21 सूत्रीय मांगों को लेकर आक्रोश
किसानों का यह आंदोलन सीमेंट कंपनी जेएसडब्ल्यू के खिलाफ 21 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी द्वारा क्षेत्र में मनमानी की जा रही है और किसानों के साथ वादाखिलाफी हुई है।
किसानों ने कचेटमेंट एरिया, गोचर भूमि और खेतों के रास्तों पर अतिक्रमण सहित कई समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई।
बड़ी संख्या में किसान शामिल
ट्रैक्टर रैली में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। आंदोलन का नेतृत्व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के बैनर तले किया जा रहा है।
️ नारायण बेनीवाल की चेतावनी
पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल ने कहा कि 4 मार्च को जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने के बावजूद अभी तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।
रोजगार और पर्यावरण का मुद्दा
किसानों ने आरोप लगाया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी लोगों को रखा जा रहा है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण से जुड़े वादों की भी अनदेखी की जा रही है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
किसानों ने साफ कहा है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।