लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
यज्ञ में आहुतियां देकर सर्वकल्याण की कामना, रासलीला में बालकृष्ण की लीलाओं ने मोहा मन
भीलवाड़ा (विनोद सेन)। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य में आयोजित सप्त दिवसीय 11 कुंडीय श्री विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ के चौथे दिन गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियों का दौर जारी रहा और श्रद्धालुओं ने सर्वकल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
महायज्ञ में भाग लेने के लिए भीलवाड़ा शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन आश्रम पहुंच रहे हैं। यज्ञ अनुष्ठान श्री शारदा सनातन परमार्थ न्यास के वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हो रहे हैं। 
वैदिक रीति से संपन्न हुए अनुष्ठान
प्रातःकालीन सत्र में यजमानों का पवित्रीकरण एवं पंचगव्य प्राशन कराया गया। इसके बाद यज्ञ मंडप में आह्वान किए गए देवताओं का पूजन एवं गौमाता का पंचामृत से अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। प्रत्येक यज्ञ वेदी पर यजमानों के साथ लक्ष्मी स्वरूपा कन्याओं ने भी आहुतियां देकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
यज्ञाचार्य ने बताया कि गौमाता के दिव्य मंत्रों के साथ विशेष हवन संपन्न कराया गया। आरती, पुष्पांजलि और यज्ञ मंडप की परिक्रमा के बाद प्रसाद वितरण के साथ प्रातःकालीन सत्र का समापन हुआ। महायज्ञ 14 जून तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा।
बालकृष्ण की लीलाओं ने बांधा समां
महायज्ञ के साथ आयोजित रासलीला में श्री राधा रासेश्वरी रासलीला मंडल, श्रीवृंदावनधाम मथुरा के कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मनमोहक मंचन किया। महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य में आयोजित इस प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मंडल के निर्देशक दामोदरदास काठियाबाबा के निर्देशन में माखन चोरी, गोपियों की शिकायत और यशोदा-कृष्ण संवाद जैसे प्रसंगों का जीवंत मंचन किया गया। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक मंत्रमुग्ध होकर रासलीला का आनंद लेते रहे।
विशिष्ट अतिथियों ने की आरती
रासलीला कार्यक्रम के प्रारंभ में विशिष्ट अतिथि इंद्रजीत गुर्जर, चांदमल सोनी, ठाकुर तेज सिंह, रामस्वरूप जाट, देवीलाल भदाला, उदयलाल जाट, शिवराज, नंदकिशोर सोनी, अशोक कोटड़ी, सत्तू प्रजापत एवं अज्जू सिंह सहित अन्य श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी की आरती कर मंगलकामनाएं कीं।
रासलीला का आयोजन प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से आश्रम परिसर में किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
















































