लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर में आयोजित शिविर में वीजा-पासपोर्ट, यात्रा की तैयारियों से लेकर मक्का-मदीना की व्यवस्थाओं की दी जानकारी
जोधपुर।
हज पर जाने वाले यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी की जोधपुर इकाई की ओर से चौखा रोड स्थित जोधपुर रिसोर्ट में विशेष प्रशिक्षण शिविर एवं अखिल भारतीय हज खिदमतगार सम्मेलन आयोजित किया गया। शिविर में हज यात्रियों को यात्रा से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाओं और सावधानियों की जानकारी दी गई। वहीं सोसायटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाजियों की सेवा के लिए हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।
पहली बार हज पर जाने वालों के लिए प्रशिक्षण अहम
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हज यात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ी होने के साथ-साथ कई तरह की व्यवस्थाओं और प्रक्रियाओं से भी जुड़ी होती है। बड़ी संख्या में यात्री पहली बार हज यात्रा पर जाते हैं, ऐसे में उन्हें पहले से सही जानकारी मिलना जरूरी है। प्रशिक्षण के माध्यम से यात्रियों को यात्रा के दौरान आने वाली संभावित परेशानियों और उनके समाधान के बारे में समझाया गया।
ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष इंतखाब आलम ‘पप्पन भाई’ ने बताया कि संस्था की ओर से हज यात्रियों को वीजा, पासपोर्ट, आवेदन प्रक्रिया और यात्रा की तैयारियों से संबंधित मार्गदर्शन दिया जाता है। इसके अलावा मक्का-मदीना में रहने, खान-पान और आवश्यक नियमों की जानकारी भी दी जाती है।
