लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हादसे का खतरा; बस सेवा भी बंद
राजसमंद के झोर गांव में ग्रामीणों का विरोध, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन; बोले- सड़क की चौड़ाई 25 से 30 फीट होनी चाहिए, सामने से वाहन आने पर कार कंटीली बाड़ में उतारनी पड़ती है
राजसमंद। जिले के झोर गांव में विद्यालय के सामने रकमपुरा मार्ग की संकरी सड़क विद्यार्थियों, ग्रामीणों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर अतिक्रमण के चलते मुख्य मार्ग की चौड़ाई करीब 8 फीट रह गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की निर्धारित चौड़ाई करीब 25 से 30 फीट होनी चाहिए। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने और अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सरदारगढ़ तहसीलदार द्वारका प्रसाद शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
अतिक्रमण के कारण बेहद संकरा हुआ रास्ता
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय और रकमपुरा मार्ग के बीच सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण, दीवारों और कंटीली बबूल की झाड़ियों के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया है। ऐसे में दो वाहनों का एक साथ निकलना मुश्किल हो जाता है। खासतौर पर स्कूल के सामने विद्यार्थियों की आवाजाही के दौरान दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
सामने से वाहन आए तो बाड़ में उतारनी पड़ती है कार
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की मौजूदा चौड़ाई इतनी कम है कि सामने से कोई वाहन आ जाए तो दूसरे वाहन को साइड देने के लिए कार को कंटीली बाड़ में उतारना पड़ता है। इससे वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ ही किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
सड़क संकरी होने से बस सेवा भी बंद
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग खजुरिया बावजी जाने वाला प्रमुख रास्ता है और यहां श्रद्धालुओं का भी नियमित आवागमन रहता है। सड़क संकरी होने के कारण लंबे समय से बसों का संचालन भी बंद है। बसें झोर गांव तक आने के बजाय रकमपुरा से सीधे नेगड़िया का खेड़ा चली जाती हैं।
इसके चलते झोर गांव के ग्रामीणों को बस पकड़ने के लिए करीब 2 किलोमीटर दूर नेगड़िया का खेड़ा जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से न केवल गांव के लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं और अन्य राहगीरों की आवाजाही भी सुरक्षित हो सकेगी।
ग्रामीणों ने की अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण की मांग
ग्रामीणों ने तहसीलदार से मौके का निरीक्षण करवाकर सड़क से अतिक्रमण हटाने और निर्धारित चौड़ाई के अनुसार मार्ग को विकसित करवाने की मांग की है। साथ ही पंचायत विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करवाने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन के दौरान नरेश पुरी गोस्वामी, दिनेश शर्मा, सागर जाट, बबलू खारोल, सुभाष सुहालका, भेरूलाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट: गौतम शर्मा, राजसमंद