लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी
पीसांगन (अजमेर) | स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन थाना पुलिस ने गोविंदगढ़ क्षेत्र में मिले पांच माह के मादा भ्रूण के मामले में संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसका अंतिम संस्कार कराया। पुलिस ने अज्ञात महिला सहित अन्य संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात गोविंदगढ़ स्थित गौशाला के पास श्मशान स्थल के सामने सड़क किनारे संदिग्ध गतिविधि की सूचना ग्रामीणों ने दी। सूचना मिलते ही पीसांगन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व दिशा से आए चार बाइक सवारों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
एएसआई आत्माराम शेषमा के नेतृत्व में पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। इसके बाद भ्रूण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पीसांगन लाया गया, जहां सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंह लामरोड़ की देखरेख में पोस्टमार्टम कराया गया। 
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए मांगलियावास रोड स्थित श्मशान घाट में भ्रूण का अंतिम संस्कार कराया और अज्ञात महिला सहित अन्य संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया।
एएसआई आत्माराम शेषमा ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंह लामरोड़ ने बताया कि पोस्टमार्टम में यह पुष्टि हुई है कि बरामद भ्रूण लगभग पांच माह का मादा भ्रूण था।
इस संवेदनशील मामले में पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



















































