लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे में वाहन चोरों का सक्रिय होना लगातार चिंता का विषय बनता जा रहा है। ताजा मामला पादूकलां का है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के समय घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। चोरी की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश पुत्र नरसीराम, निवासी पादूकलां की सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (RJ 21 SH 8317) को चोरों ने रात के अंधेरे में चोरी कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो रहा है। घटना के समय आसपास सन्नाटा था, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर निकल गया।
सुबह जब पीड़ित परिवार जागा तो घर के सामने मोटरसाइकिल नहीं मिली। आसपास तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस थाना पादूकलां में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
