लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर) | रिपोर्टर संजीव बंसल
कठूमर (अलवर) | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ईआरओ की राज्य निर्वाचन विभाग ने विधानसभा-वार रैंकिंग जारी की है। इस सूची में अलवर जिले की दो विधानसभा क्षेत्रों ने प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।
राजगढ़–लक्ष्मणगढ़ विधानसभा की ईआरओ सीमा मीणा ने 93.40 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, कठूमर विधानसभा के ईआरओ श्यामसुंदर चेतीवाल ने 90.36 अंक के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया है।
27 नवंबर को होगा सम्मान
दोनों ईआरओ को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए 27 नवंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि जिले में एसआईआर कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की वजह से अलवर जिले का प्रदर्शन लगातार उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने बताया कि मैपिंग, ईएफ डिजिटाइजेशन और एएसडी कार्यों में इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों ने उल्लेखनीय कार्य किया है।
डीईओ डॉ. शुक्ला ने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संबंधित ईआरओ की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
