लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
युवा सरदार पटेल से प्रेरणा लेकर राष्ट्र प्रथम को रखें सर्वोपरि — मुख्यमंत्री
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क | जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने दूरदर्शी सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और साहसिक निर्णयों से देश को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने संविधान दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित विश्व के सबसे बड़े संविधान के आधार पर ही देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।
बुधवार को मुख्यमंत्री ने अमर जवान ज्योति से सरदार@150 यूनिटी मार्च के अंतर्गत यमुना प्रवाह यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई जा रही है और इसी क्रम में यह यात्रा भी आयोजित की जा रही है। राजस्थान सहित कई राज्यों से युवा जयपुर से सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद तक यात्रा करेंगे। यह अभियान युवाओं को सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और विचारों को और अधिक निकट से समझने का अवसर प्रदान करेगा।
सरदार पटेल—सिद्धांतों से कभी नहीं किया समझौता
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल का स्वतंत्रता संग्राम में अमूल्य योगदान रहा। बारडोली सत्याग्रह में उनके नेतृत्व के कारण उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि मिली। उन्होंने किसानों को अधिकारों के लिए संघर्ष करना सिखाया और जेल जाने के बावजूद अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।
562 रियासतों का एकीकरण—अद्वितीय कूटनीति
मुख्यमंत्री ने बताया कि आजादी के समय भारत 562 रियासतों में बंटा हुआ था। सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, कूटनीति और दृढ़ निश्चय से सभी रियासतों को भारत में विलय करने का ऐतिहासिक कार्य किया। ऑपरेशन पोलो के जरिए हैदराबाद और जनमत संग्रह के जरिए जूनागढ़ को भारत में शामिल कर वह देश को एक सूत्र में पिरोने में सफल रहे।
धारा 370 हटाकर पूरा हुआ सरदार पटेल का अधूरा सपना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरदार पटेल की विरासत को आगे बढ़ाया है। कश्मीर से धारा 370 हटाकर प्रधानमंत्री ने उनका अधूरा सपना पूरा किया और भारत की एकता को और सशक्त किया। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सरदार पटेल के प्रति सम्मान और एकता के प्रतीक के रूप में स्थापित की गई।
उन्होंने कहा कि आज भारत विकास, गरीब कल्याण, आतंकवाद-नक्सलवाद के खात्मे और वैश्विक मंच पर नए सम्मान की ऊंचाइयों को छू रहा है। पूरा विश्व भारत को उम्मीद की नजर से देख रहा है।
युवाओं के लिए पांच प्रमुख सीख
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि युवाएं सरदार पटेल के जीवन से — कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, दृढ़ संकल्प और सादगी — जैसी पांच महत्वपूर्ण सीखें ले सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया और यमुना प्रवाह यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, जितेन्द्र गोठवाल, गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दाचार्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।