लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
जयपुर। संविधान दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के मुख्यालय अंबेडकर भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम अपराह्न 12:30 बजे विभाग के निदेशक आशीष मोदी की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर निदेशक मोदी द्वारा माल्यार्पण से हुई। इसके बाद उन्होंने सभी कार्मिकों से उद्देशिका का वाचन करवाया और संविधान की मूल भावना एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
निदेशक मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश का सर्वोच्च विधान है, जो प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के साथ-साथ विचार, अभिव्यक्ति, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा अवसरों की समानता प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि संविधान न केवल देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है, बल्कि नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शक भी है।
कार्यक्रम में विभाग के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।