लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
150 लोगों की स्वास्थ्य जांच, कई मामलों का मौके पर निस्तारण
40 आयुष्मान कार्ड बने, 5 पट्टे वितरित, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, राजस्व प्रकरणों का त्वरित समाधान
रियांबड़ी (नागौर): नागौर जिले के रियांबड़ी उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत निंबोला बिश्वा में राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत आयोजित शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और सुविधा का केंद्र साबित हुआ। शिविर में 22 विभागों ने एक ही स्थान पर अपनी सेवाएं प्रदान कीं, जिससे बड़ी संख्या में लोगों के कार्य मौके पर ही निस्तारित किए गए।
राजस्व विभाग ने शिविर के दौरान 2 बंटवारा, 15 शुद्धि और 11 नामांतरण प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं पंचायत राज विभाग ने 5 पट्टे वितरित किए तथा 10 व्यक्तिगत शौचालयों को स्वीकृति दी। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए भी आवेदन प्राप्त किए गए।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने हैंडपंपों की मरम्मत, पेयजल स्रोतों की सफाई और पेयजल संबंधी शिकायतों का समाधान किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 150 लोगों की स्वास्थ्य जांच की तथा पात्र लाभार्थियों के 40 आयुष्मान भारत कार्ड बनाए।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया। साथ ही एक बालिका का जन्मदिन मनाकर स्वास्थ्य, पोषण और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे सामाजिक संदेशों को भी बढ़ावा दिया।
विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघाड़िया ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन को राहत पहुंचाना है। वहीं प्रशासक रविंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।