लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की ओर से भारतीय जनसंघ के संस्थापक, राष्ट्रवादी चिंतक एवं प्रखर शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर बुधवार को श्री महावीर पब्लिक स्कूल, जयपुर में श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने की।
दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और अखंड भारत के प्रति योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। 
घनश्याम तिवारी ने रखे विचार
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता घनश्याम तिवारी ने कहा कि उन्हें युवा जनसंघ के राजस्थान अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, जिससे वे डॉ. मुखर्जी के विचारों को निकटता से समझ सके।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। जम्मू-कश्मीर में लागू विशेष प्रावधानों का विरोध करते हुए उन्होंने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया और इसी उद्देश्य को लेकर आंदोलन का नेतृत्व किया।
तिवारी ने कहा कि कश्मीर में दिया गया उनका बलिदान भारत की एकता और अखंडता के लिए सर्वोच्च योगदान था। उन्होंने अनुच्छेद 370 और 35ए की समाप्ति को डॉ. मुखर्जी के संकल्प की पूर्ति की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
अमित गोयल बोले—राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे डॉ. मुखर्जी
भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकात्मता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1951 में मंत्री पद से इस्तीफा देकर भारतीय जनसंघ की स्थापना करना उनके राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उदाहरण था।
गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 हटाने का निर्णय डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
भाजपा मीडिया सह प्रभारी नयन माघाणी अग्रवाल के अनुसार कार्यक्रम में विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, चंद्र मोहन बटवारा, जयपुर प्रभारी प्रभुलाल सैनी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बागड़ी, जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, रेखा राठौड़, राजेश तांबी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।