लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली/जयपुर। (रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ यमुना जल परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (एमओए) के महत्वपूर्ण बिंदुओं को अंतिम रूप दिया गया। इसके अलावा किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
पाइपलाइन के जरिए होगा जल वितरण
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्यों के बीच समन्वय स्थापित कर जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यमुना जल परियोजना को दीर्घकालिक और प्रभावी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत पारंपरिक नहर प्रणाली के बजाय पाइपलाइन के माध्यम से पानी पहुंचाने का प्रस्ताव है। इससे जल संरक्षण सुनिश्चित होगा और वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनेगी।
किशाऊ बांध परियोजना से कई राज्यों को लाभ
सी.आर. पाटिल ने बताया कि किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े छह राज्यों के मुद्दों पर भी सहमति बन चुकी है और जल्द ही इससे संबंधित एमओए पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस परियोजना से राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा सहित अन्य राज्यों को भी जल उपलब्धता का लाभ मिलेगा।
शेखावाटी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है परियोजना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यमुना जल परियोजना राजस्थान, विशेषकर शेखावाटी क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी तथा लाखों लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र और हरियाणा सरकार के सहयोग से इस परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
किसानों, उद्योगों और आमजन को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों से लंबित जल परियोजनाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई गति मिली है और राज्यों के बीच जल विवादों के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल हो रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के क्रियान्वयन के बाद राजस्थान को जल्द ही अपने हिस्से का यमुना जल मिलेगा, जिससे किसानों, उद्योगों और आमजन को व्यापक लाभ होगा। साथ ही प्रदेश में जल प्रबंधन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी सहायता मिलेगी।
हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाना प्राथमिकता: नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हर व्यक्ति तक पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ राज्य सरकारें कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि रेणुका, लखवार और किशाऊ परियोजनाओं के क्रियान्वयन से राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के लोगों को लाभ मिलेगा।
बैठक में वर्षा जल के संरक्षण और उसे प्रभावी तरीके से राजस्थान तक पहुंचाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में केंद्र सरकार, राजस्थान जल संसाधन विभाग तथा हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।