लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर | प्रदीप कुमार डागा
“सबकी सेवा – सबको प्यार” और “जियो और जीने दो” के ध्येय वाक्य को आत्मसात करते हुए महावीर इंटरनेशनल अपने 52वें स्वर्ण जयंती स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में महावीर इंटरनेशनल नागौर केंद्र द्वारा 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक सेवा पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा।
दो सप्ताह तक होंगे विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम
संस्था अध्यक्ष वीर विमलचंद नाहटा ने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कई जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें बुजुर्ग सम्मान समारोह, स्वास्थ्य जांच शिविर, स्कूलों में स्टेशनरी एवं पुस्तक-कॉपी वितरण, रक्तदान शिविर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जागरूकता अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण, जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम, जीवदया सेवा, सदस्यता वृद्धि अभियान, दिव्यांग सहायता उपकरण वितरण तथा वृद्धाश्रम में सेवा कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।
जिला कलक्टर ने किया पोस्टर विमोचन
सेवा पखवाड़े के पोस्टर का विमोचन जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जरूरतमंद, पीड़ित और वंचित वर्ग की निस्वार्थ सेवा करना अत्यंत पुनीत कार्य है। उन्होंने महावीर इंटरनेशनल की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन सदैव ऐसे जनहितकारी प्रयासों में सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।
सेवा और मानवता के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम में पद्मश्री हिम्मताराम भाम्भू, पूर्व अध्यक्ष गौतम कोठारी, सचिव प्रीतम ललवानी, पंकज नाहटा सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
संस्था के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र संखलेचा ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल का मूल उद्देश्य सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह सेवा पखवाड़ा समाजहित एवं जनकल्याण के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
