लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कार में 261.11 किलो गांजा भरकर दौसा ले जा रहे थे आरोपी, NH-44 पर मनियां पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
धौलपुर। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धौलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मनियां थाना पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बगचौली खार मोड़ के पास एक कार से 261.11 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार जब्त कर आंध्र प्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
11 कट्टों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के अनुसार, 16 और 17 अक्टूबर 2026 को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान यातायात पुलिस के कांस्टेबल बासुदेव से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली। कार में रखे 11 प्लास्टिक के कट्टों से कुल 261.11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीनिवास टी और गेडम अमर चेतन्य, दोनों निवासी आंध्र प्रदेश, के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा आंध्र प्रदेश के बल्लीगौड़ा से राजस्थान के दौसा ले जाने की बात बताई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क, गांजे की आपूर्ति और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और वृत्ताधिकारी मनियां खलील अहमद के सुपरविजन में की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।





















































