Home latest देवड़ा ग्राम पंचायत में आवास योजना में अनियमितताओं के आरोप 

देवड़ा ग्राम पंचायत में आवास योजना में अनियमितताओं के आरोप 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग

समदड़ी। समदड़ी क्षेत्र की देवड़ा ग्राम पंचायत में आवास योजना के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने सरपंच प्रतिनिधि केसाराम डांगी के नेतृत्व में पंचायत समिति पहुंचकर विकास अधिकारी करनाराम पटेल को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आवास योजना के अंतर्गत कुछ कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मिलीभगत से कथित रूप से गलत तरीके से डिमांड भरकर राशि निकाली जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला पिछले कई महीनों से चल रहा था, जिसकी जानकारी न तो अधिकांश ग्रामीणों को थी और न ही ग्राम पंचायत को।

सरपंच प्रतिनिधि केसाराम डांगी ने बताया कि ग्रामीणों को इंटरनेट और मोबाइल माध्यम से कुछ जानकारियां मिलने के बाद मामले की जानकारी सामने आई। इसके बाद दस्तावेजों की जांच कर संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के क्रियान्वयन में अनियमितताएं हुई हैं, जिसकी विस्तृत जांच कराई जानी चाहिए।

ग्रामीणों ने विकास अधिकारी से मांग की कि आवास योजना से जुड़े सभी मामलों की पारदर्शी जांच कराई जाए तथा यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए और योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे। उन्होंने पंचायत स्तर पर पारदर्शिता बढ़ाने तथा जनहित में कार्य करने वाले कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग भी उठाई।

सूत्रों के अनुसार शिकायत के बाद संबंधित कर्मचारी को जांच पूरी होने तक प्रशासनिक स्तर पर एपीओ किए जाने की कार्रवाई की गई है। हालांकि मामले में अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version