लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
स्थानीय संवाददाता
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर पर आज डेगाना विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक कार्यकारिणी सदस्य, मण्डल अध्यक्ष, मण्डल कार्यकारिणी सदस्य, नगर अध्यक्ष सहित सैंकड़ों की संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा का आभार व्यक्त किया। क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूती के लिये काम करते हुये पार्टी को चुनावों में विजयी बनाने का विश्वास दिलाया।
डेगाना में कांग्रेस मजबूत पंचायत और पालिका चुनाव में मिलेगी जीत
इस अवसर पर उपस्थित मीडिया को सम्बोधित करते हुये प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि डेगाना विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के टिकिट पर चुनाव लड़े पूर्व विधायक द्वारा पार्टी छोडऩे के पश्चात् पर्यवेक्षकों व विधानसभा कोर्डिनेटरों द्वारा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से राय-मशविरा कर कांग्रेस के मजबूत स्थानीय कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कांग्रेस पार्टी का और अधिक मजबूत संगठन तैयार किया गया है। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निकाय व पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस का झण्डा बुलन्द करने का विश्वास दिलाया है तथा पूरे जिले में पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करेंगे, यही संकल्प लेकर उपस्थित कार्यकर्ता गये हैं।
वोटर लिस्टों से नाम काटे जा रहे हैं
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मजबूत होना देश के लिये आवश्यक है क्योंकि आज लोकतंत्र एवं प्रजातंत्र पर प्रहार किया जा रहा है। वोटर लिस्ट से वोट कम किये जा रहे हैं, तानाशाहीपूर्ण शासन चल रहा है, सरकार से असहमति रखने वालों के विरूद्ध मुकद्में दर्ज किये जा रहे हैं, संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग विपक्ष की आवाज दबाने के लिये किया जा रहा है और ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है कि कोई कांग्रेस पार्टी के लिये काम ना कर सके।
कांग्रेस पार्टी की नई कार्यकारिणी का गठन पूरा
उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष, जिला कार्यकारिणियां, ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक कार्यकारिणियां, मण्डल अध्यक्ष, मण्डल कार्यकारिणियां बन चुकी हैं और अधिकांश नगर कांग्रेस कमेटियों का गठन हो चुका है, उनकी कार्यकारिणी बनाई जा रही है तथा शीघ्र ही सरकार द्वारा पुनर्सीमांकन कर वार्ड गठित करने के पश्चात् राजस्थान में कांग्रेस की वार्ड कमेटियों का भी गठन कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि 120 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ कमेटियों का गठन कर बीएलए बनाये जा चुके हैं तथा शेष विधानसभा क्षेत्रों में 7 दिवस के अंदर बीएलए नियुक्त कर लिये जायेंगे जिसके लिये वे स्वयं इन विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस विधायक/विधायक प्रत्याशी/नेताओं से व्यक्तिगत वार्ता करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा के मुकाबले कांग्रेस के अधिक पदाधिकारी नियुक्त किये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में नगर निकाय के चुनावों की प्रक्रिया प्रारम्भ होने से पूर्व सभी जिलों के नगरपालिका क्षेत्रों में पार्टी की मीटिंगें की जाकर नगर निकायों के चुनावों की तैयारियां प्रारम्भ की जायेगी, उसके पश्चात् पंचायत राज चुनावों के लिये क्षेत्र में जाकर मजबूती से चुनाव लडऩे हेतु चर्चा की जायेगी। उन्होंने कहा कि संविधान बचाओ रैलियां प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित हो चुकी है और विधानसभा स्तर पर संविधान बचाओ रैलियां आयोजित हो रही हैं जिनमें से 72 विधानसभा क्षेत्रों में ये रैलियां सम्पन्न हो चुकी है।
महासचिव एवं मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने सभी प्रकोष्ठों को 15 दिन में एक बार बैठक बुलाने के निर्देश
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने समस्त विभागों व प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष/संयोजक/सह-संयोजकों को निर्देशित किया है कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर पर 15 दिन में एक बार अपने से संबंधित विभाग व प्रकोष्ठ की बैठक आवश्यक रूप से आयोजित कर पार्टी एवं संगठन से संबंधित सुझाव तथा राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरूद्ध जो भी शिकायत प्राप्त हो उसे प्रदेश संगठन के समक्ष प्रस्तुत करें।