लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कुचामन सिटी। (प्रदीप कुमार डागा) डीडवाना-कुचामन जिले को नया पुलिस नेतृत्व मिल गया है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के अवसर पर उन्हें पुलिस गार्ड द्वारा सम्मान स्वरूप गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद डॉ. शिवरान एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपराध शाखा, साइबर सेल, सीसीटीएनएस, डीसीआरबी, मानव तस्करी निरोधक इकाई सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं के कार्यों का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से साइबर अपराधों पर त्वरित नियंत्रण, ऑनलाइन ठगी के मामलों में शीघ्र कार्रवाई एवं पीड़ितों को अधिकतम राशि की रिकवरी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डॉ. शिवरान ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई तथा थाना स्तर पर रिस्पॉन्स टाइम बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने पर भी बल दिया।
इसके अलावा अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश देते हुए शराब तस्करी, सट्टा एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने को प्राथमिकता बताया। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फील्ड विजिट और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए उन्होंने आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि लोग ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सतर्क रह सकें।
नए पुलिस अधीक्षक के कार्यभार संभालने के साथ ही जिले में अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।



















































