लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर : जोधपुर जिले के बिलाड़ा क्षेत्र में खारिया मीठापुर गांव के पास आज सुबह एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही बिलाड़ा पुलिस थाने के हैड कांस्टेबल शैतानाराम मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू करवाया। दुर्घटना में घायल दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। बाकी छह घायलों का बिलाड़ा अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग जैतारण के भाकरवास से बिलाड़ा स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे की सूचना पर बिलाड़ा थाना प्रभारी सवाई सिंह स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि ग्रामीण एसपी नारायण टोगस निरंतर घटना से संबंधित फीडबैक ले रहे हैं।
पुलिस ने कार को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
