लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पौधारोपण के साथ गूंजा हरियाली का संदेश
पादूकलां (नागौर)। पादूकलां क्षेत्र के बिखरनियां खुर्द स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, लांबा की ढाणी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को एक-एक पौधा वितरित कर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया। प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार तिवाड़ी ने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण संतुलन ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी से देखभाल करने का आह्वान किया।
शिक्षक पुष्पेंद्र कड़ेला ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो हरियाली बढ़ाने के साथ जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का भी प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और विद्यालय परिवार के साथ मिलकर हरियाली बढ़ाने तथा प्रकृति के संरक्षण का संकल्प दोहराया।


















































