लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मकराना | रिपोर्टर: अब्दुल सलाम
मकराना | ट्रेन संख्या 14814 भोपाल–जोधपुर एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक युवक चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मकराना पीर की दरगाह निवासी मोहम्मद आलम (25), पुत्र मुख्तार अहमद, गेट के ऊपर खड़े होने के दौरान मकराना और बोरावड़ के मध्य संतुलन बिगड़ने से ट्रेन से नीचे गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी हेड कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह, आरपीएफ हेड कांस्टेबल मधुराम, आरपीएफ कांस्टेबल मुकेश कुमार और जीआरपी कांस्टेबल संजय चावला मौके पर पहुंचे। घायल युवक को रेलवे ट्रैक से सुरक्षित निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय मकराना पहुंचाया गया।
चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर अजमेर रेफर किया गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से गेट के पास या ऊपर खड़े होकर यात्रा न करने की अपील की है।