लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एंकर: प्रेम सोनी
समदड़ी। सिवाना पंचायत समिति के अंतर्गत ग्राम पंचायत भीमगोड़ा में महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत स्वीकृत टांका निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है।
लाभार्थी विधवा महिला गुलाब कंवर पत्नी पेपसिंह भाटी ने ग्राम विकास अधिकारी पर आरोप लगाया कि बार-बार अवगत कराने के बावजूद उनके टांके का नाम सूची से हटा दिया गया और कार्य आज तक शुरू नहीं हुआ।
गुलाब कंवर की शिकायत
गुलाब कंवर ने कहा कि पेयजल संकट को देखते हुए उन्हें टांका निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद कार्य न तो शुरू हुआ और न ही पंचायत कार्यालय से संतोषजनक जवाब मिला। उन्होंने बताया कि पंचायत कार्यालय के चक्कर काटते-काटते वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो चुकी हैं।
लाभार्थी ने यह भी कहा कि उनके पास स्वीकृति क्रमांक सहित मस्टरोल की फोटो मौजूद है, बावजूद इसके अधिकारी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।
ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि नरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक नहीं पहुंचना प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों और पीड़िता ने शीघ्र टांका निर्माण कार्य शुरू करने की भी अपील की है। अब यह देखने की बात होगी कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी तत्परता से हल करता है और विधवा महिला को कब न्याय मिलता है।












































